आजमगढ़ के खौरा गांव में भोजपुरी फिल्म की शूटिंग, 100 से 150 स्थानीय लोगों को मिला रोजगार; बड़े पर्दे पर जल्द दिखेगी पारिवारिक कहानी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत मुबारकपुर थाना क्षेत्र के खौरा गांव इन दिनों भोजपुरी फिल्म की शूटिंग को लेकर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। गांव की गलियों और खेत-खलिहानों में चल रही फिल्म की शूटिंग ने न केवल स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल बनाया है, बल्कि क्षेत्र के 100 से 150 लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया है। इस भोजपुरी पारिवारिक फिल्म का निर्माण अतरौलिया क्षेत्र के शहीद परिवार से जुड़े डॉ. राजेंद्र सिंह के पुत्र अथर्व सिंह नाहर द्वारा किया जा रहा है। अथर्व सिंह नाहर फिल्म के निर्माता होने के साथ-साथ निर्देशन की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। इससे पहले भी वे कई चर्चित भोजपुरी फिल्मों से जुड़े रहे हैं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा है।फिल्म की मुख्य अभिनेत्री बिहार की चर्चित अभिनेत्री संजना पांडे हैं, जिन्होंने भोजपुरी सिनेमा की कई सफल फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। शूटिंग के दौरान फिल्म के निर्देशक, कलाकार और पूरी यूनिट खौरा गांव में डेरा डाले हुए हैं। गांव में शूटिंग देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।अभिनेत्री संजना पांडे का कहना है कि यह एक साफ-सुथरी पारिवारिक मनोरंजन फिल्म होगी, जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सकेगा। इस फिल्म में संजना पांडे देवकी का किरदार निभा रही है । फिल्म की कहानी और प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में अभी से उत्सुकता देखने को मिल रही है।पुष्पेन्द्र सिंह रचनात्मक निर्माता, कास्टिंग डायरेक्टर ने बताया कि फिल्म पारिवारिक है फिल्म आईवीएफ पर आधारित है जिसमें बच्चा ना होने पर गांव में किन-किन परिस्थितियों व तानो से महिलाओं को गुजरना पड़ता है उसे दर्शाया गया है।लोगो ने उम्मीद जताई है कि यह फिल्म रिलीज के बाद बड़े पर्दे पर शानदार प्रदर्शन करेगी और आजमगढ़ का नाम भोजपुरी फिल्म उद्योग में नई पहचान दिलाएगी। खौरा गांव में चल रही यह शूटिंग न केवल मनोरंजन जगत के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *