

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 22 जनवरी को सवा चार घंटे के प्रवास पर आजमगढ़ आएंगे। उनके प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय ब्रीफिंग की गई। उप मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे लखनऊ के लामार्टीनियर ग्राउंड से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और सुबह 11 बजे पुलिस लाइन आजमगढ़ पहुंचेंगे। इसके बाद 11 बजकर 05 मिनट पर पुलिस लाइन से रवाना होकर 11 बजकर 10 मिनट पर हरिऔध कला केंद्र पहुंचेंगे, जहां ब्रह्मर्षि स्वामी सहजानंद सरस्वती सेवा न्यास एवं महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में प्रतिभाग करेंगे। दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर हरिऔध कला केंद्र से प्रस्थान कर 12 बजकर 40 मिनट पर कलेक्ट्रेट भवन पहुंचेंगे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे तथा इसके पश्चात मीडिया से वार्ता करेंगे।इसके बाद दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर कलेक्ट्रेट भवन से प्रस्थान कर कार द्वारा जूनियर हाईस्कूल शाहगढ़ (श्रीराम-जानकी मंदिर के निकट) पहुंचेंगे। यहां ग्राम चौपाल एवं स्वयं सहायता समूह के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात दोपहर 3 बजे कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान कर 3 बजकर 10 मिनट पर पुलिस लाइन पहुंचेंगे और 3 बजकर 15 मिनट पर हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। डिप्टी सीएम के दौरे को लेकर बुधवार को पुलिस लाइन आजमगढ़ में उच्चस्तरीय ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने की। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस बल को कानून-व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा, कॉर्डन व्यवस्था, रूट डायवर्जन, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी से आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
