

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक उपनिरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।समीक्षा के दौरान थाना जीयनपुर में तैनात उपनिरीक्षक गोपाल प्रसाद मौर्य पर एक विवेचना में बिना उच्चाधिकारियों की जानकारी के गंभीर धाराओं में बदलाव करने, घोर लापरवाही और आदेशों की अवहेलना का आरोप पाया गया। वहीं थाना सिधारी में तैनात मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार को ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया।एसएसपी ने दोनों मामलों में विभागीय जांच के आदेश देते हुए स्पष्ट किया कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
