पवई में महिला पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार,पैर में लगी गोली

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र में महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सुजीत मौर्य (33) निवासी कस्बा पवई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया।पुलिस के मुताबिक 16 जुलाई की रात आरोपी ने एक महिला के घर में घुसकर धारदार हथियार से उसकी गर्दन और हाथ पर कई वार किए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी महिला का लंबे समय से पीछा करता था और उसे एकतरफा पसंद करता था। घटना के बाद वह फरार हो गया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। 17/18 जुलाई की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खंडोरा अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि घिरने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा ₹220 नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने महिला पर हमला करने की बात स्वीकार की है।इस मामले में पहले से दर्ज मुकदमे के अलावा पुलिस टीम पर फायरिंग और अवैध शस्त्र रखने के आरोप में भी नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *