

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद आजमगढ़ के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरायमीर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सार्वजनिक जुआ अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जुआ खेलते हुए 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मौके से ₹12,000 नकद तथा ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं।आपको बता दे की 08 जनवरी 2026 की रात्रि निरीक्षक अपराध थाना सरायमीर पंकज कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ गश्त व संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग में शेरवां नहर पुलिया के पास मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सुसहट्टी मोहल्ले में एक निर्माणाधीन मकान के अंदर कुछ लोग पैसों की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छिपकर निगरानी की। पुष्टि होने पर पुलिस ने एक साथ दबिश दी और 05 व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त सुनसान स्थान पर निर्माणाधीन मकान में ताश के पत्तों के माध्यम से हार-जीत की बाजी लगा रहे थे तथा मोबाइल की फ्लैश लाइट का प्रयोग कर रहे थे। अभियुक्तों के पास से ₹12,000 नगद व 52 पत्तों की गड्डी बरामद की गई।इस संबंध में थाना सरायमीर पर मु0अ0सं0 06/2026, धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में से कुछ का पूर्व आपराधिक इतिहास भी दर्ज है।
