

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र में दो दिन से लापता एक व्यक्ति का शव नदी किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जयप्रकाश यादव (42) पुत्र गुलाब, निवासी ग्राम नौबरार देवारा जदीद किता दोयम के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।परिजनों के अनुसार जयप्रकाश यादव 12 जुलाई को घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चलने पर परिजनों ने देवारांचल पुलिस चौकी में गुमशुदगी की सूचना दी थी।मंगलवार सुबह करीब 7:40 बजे महुला-गढ़वल बांध के किनारे, नौबरार देवारा जदीद किता प्रथम स्थित औघड़गंज बाजार से लगभग 100 मीटर पूर्व ग्रामीणों ने एक शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची महाराजगंज पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान लापता जयप्रकाश यादव के रूप में हुई।बताया जाता है कि जयप्रकाश यादव चार भाइयों में सबसे बड़े थे और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे परिवार और गांव में शोक का माहौल है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
