


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ माध्यमिक शिक्षा विभाग में तैनात एक कंप्यूटर ऑपरेटर का कथित रिश्वत मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति से काम कराने के एवज में साढ़े तीन हजार रुपये की मांग किए जाने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो समग्र शिक्षा के अंतर्गत नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटर श्रीराम यादव का है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।वायरल वीडियो में कथित तौर पर पीड़ित और कंप्यूटर ऑपरेटर के बीच बातचीत सुनाई दे रही है। बातचीत के दौरान पीड़ित किसी कार्य को कराने की बात करता है, जिस पर कंप्यूटर ऑपरेटर पहले टालमटोल करता दिखाई देता है। बाद में कथित रूप से साढ़े तीन हजार रुपये देने पर काम कराने की बात कहता सुनाई देता है। वीडियो में पीड़ित द्वारा एक हजार रुपये में काम होने की बात पूछे जाने पर कथित कंप्यूटर ऑपरेटर कहता है, “तू जा साढ़े तीन हजार रुपया दे दिहा, काम हो जाई।” बातचीत में विभागीय कर्मचारियों का हवाला देते हुए अधिक धनराशि की मांग का भी जिक्र सामने आया है।मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीआईओएस मनोज कुमार ने संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो और ऑडियो की जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
