आजमगढ़ खस्ता सड़क-नाली से फूटा शिवाजीनगर (हीरा पट्टी) मोहल्लेवासियों का गुस्सा, डीएम को सौंपा ज्ञापन

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शिवाजीनगर (हीरा पट्टी) के निवासियों ने क्षेत्र की बदहाल सड़क और नाली व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निर्माण कार्य कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इससे पहले 19 मई और 2 जून 2026 को भी प्रार्थना पत्र देकर समस्या से अवगत कराया था, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
स्मरण पत्र में बताया गया है कि हाल की बारिश के बाद मुख्य मार्ग पर बने गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार अब यह पहचानना मुश्किल हो गया है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। आने वाले मानसून को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है।
निवासियों ने बताया कि बरसात के दिनों में नाली का बहाव सही न होने के कारण पानी लोगों के घरों तक पहुंच जाता है, जिससे संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना रहता है। साथ ही स्कूल खुलने के बाद बच्चों और राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने की संभावना भी बढ़ जाएगी। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि शिवाजीनगर हीरा पट्टी के मुख्य मार्ग (उच्च भैरव हाल्ट मोड़ से हरिओम नगर मुख्य गेट तक लगभग 500 मीटर) की सड़क और नाली का मानसून से पहले पुनर्निर्माण कराया जाए। स्मरण पत्र के साथ जियो टैगिंग फोटो भी संलग्न किए गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जनहित को देखते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *