




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। निजामाबाद पुलिस ने जमीन रजिस्ट्री कराने के नाम पर 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, फरिहा निवासी शादाब आलम ने मार्च 2025 में थाना निजामाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके रिश्तेदार साजिद ने उसे लखनऊ में जमीन दिलाने के नाम पर एहशान अहमद और साजिद हसन से मिलवाया। आरोपियों ने करीब डेढ़ वर्ष के दौरान नकद, आरटीजीएस और एनईएफटी के माध्यम से कुल 32 लाख रुपये प्राप्त कर लिए। जब जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात आई तो आरोपियों ने एक फर्जी जमीन मालिक खड़ा कर कूटरचित आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी की। पीड़ित द्वारा रुपये वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और फर्जी हस्ताक्षर वाला 6 लाख रुपये का चेक भी थमा दिया गया। मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाए और बुधवार सुबह चकिया मोड़ से आरोपी एहशान अहमद (44 वर्ष) निवासी चकिया हुसैनाबाद, थाना निजामाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी एनआई एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भूमि खरीद-फरोख्त से पहले जमीन के अभिलेखों और स्वामित्व की पूरी जांच अवश्य कर लें, ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
