पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश देने ई-रिक्शा से कार्यालय पहुँचे सीएमओ

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। माननीय प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं ईंधन की बचत को बढ़ावा देने हेतु पूरे देश में विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र एवं राज्य सरकारों के माननीय मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी सरकारी कार्यों में वाहनों के अनावश्यक उपयोग में कटौती कर जनसामान्य को सकारात्मक संदेश दे रहे हैं। इसी क्रम में जनपद आजमगढ़ में जिलाधिकारी महोदय द्वारा भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए कार्यालयीय कार्यों में ई-रिक्शा के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनसे प्रेरणा लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा आज अपने आवास हरिवंशपुर से ई-रिक्शा द्वारा कार्यालय पहुँचे। सीएमओ डॉ. वर्मा हरिवंशपुर से सिविल लाइन, रैदोपुर डीएवी रोड, दलालघाट कोट एवं हर्रा की चुंगी मार्ग होते हुए जिला चिकित्सालय परिसर स्थित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पहुँचे। जैसे ही उनके ई-रिक्शा से कार्यालय पहुँचने की सूचना अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिली, सभी ने कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहुँचकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है। यदि देश के सर्वोच्च पदों पर आसीन माननीय लोग पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन बचत जैसी महत्वपूर्ण बातों को अपने जीवन में अपनाकर उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं, तो हम सभी का भी दायित्व है कि हम उनका अनुसरण करें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में परिवर्तन कर हम न केवल ईंधन की बचत कर सकते हैं बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण भी दे सकते हैं। इस अवसर पर एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय, डॉ. अब्दुल अजीज़, डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश झा, डॉ. आलेन्द, डॉ. मोहन लाल, जिला प्रशासनिक अधिकारी दिलीप प्रदीप सिंह, वरिष्ठ सहायक दीपक वर्मा, संजय श्रीवास्तव, नीरज यादव, अवन्तिका श्रीवास्तव, सरिता शर्मा, सुमित पांडेय, आनंद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *