बिंद्रा बाजार में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, एक की मौत, चार हिरासत में

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्रा बाजार (रानीपुर रजमो) में सोमवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।मृतक की पहचान सूरज मोदनवाल (58) निवासी रानीपुर रजमो, बिंद्रा बाजार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में उनके पुत्र अनुज मोदनवाल ने गंभीरपुर थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे पड़ोस के रहने वाले कुछ लोगों ने ताना मारने की बात को लेकर विवाद शुरू किया और लाठी-डंडा व रॉड से उनके पिता पर हमला कर दिया।तहरीर के अनुसार आरोप है कि गोलू मोदनवाल, शैलेन्द्र मोदनवाल, शिव प्रसाद, शिव प्रकाश, अमित, मोनी, दुर्गावती देवी और राजू मोदनवाल समेत अन्य लोगों ने एक राय होकर सूरज मोदनवाल के सीने और शरीर पर प्राणघातक हमला किया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर गिर पड़े। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई।परिजन घायल सूरज मोदनवाल को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं एसपी सिटी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लेते रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *