




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में इस समय सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक दरोगा एक व्यक्ति को चप्पल से मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो गंभीरपुर थाना क्षेत्र की गोसाई बाजार पुलिस चौकी का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिरवा गांव निवासी एक महिला ने अपने देवर के खिलाफ गोसाई बाजार पुलिस चौकी पर तहरीर दी थी। मामले में पूछताछ के लिए दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाया गया था। आरोप है कि इसी दौरान चौकी प्रभारी रहे चंद्रप्रकाश कश्यप ने महिला के देवर की चप्पल से पिटाई शुरू कर दी। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो गंभीरपुर थाना क्षेत्र की गोसाई बाजार चौकी का बताया जा रहा है। वीडियो की जांच कराई जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
