गोवंश के कटे अवशेष मिलने से मचा हड़कंप, दो थानों की पुलिस घंटों रही उलझी

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अहरौला और कप्तानगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर मंगलवार सुबह गोवंश के कटे अवशेष मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और काफी देर तक घटनास्थल किस थाना क्षेत्र में आता है, इसे लेकर माथापच्ची होती रही। बाद में मामला कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कुसमहरा गांव के सिवान का निकला।जानकारी के अनुसार सुबह ग्रामीण शौच के लिए गए थे, तभी उन्हें जगह-जगह खून, मांस और पशुओं के कटे अवशेष दिखाई दिए। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और अहरौला पुलिस को सूचना दी। मौके पर अहरौला थानाध्यक्ष मंतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रमेश यादव समेत पुलिस बल पहुंच गया। बाद में कप्तानगंज पुलिस और थानाध्यक्ष जयप्रकाश भी मौके पर पहुंचे।ग्रामीणों का आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक गोवंशों की बेरहमी से हत्या कर तस्कर मांस लेकर फरार हो गए। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।जिला पंचायत सदस्य हरिकेश यादव ने कहा कि क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर गोवंश हत्या की घटना सामने आई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।इसके बाद कप्तानगंज पुलिस ने पशु चिकित्सकों की टीम बुलाकर अवशेषों का पोस्टमार्टम कराया और उन्हें जमीन में दफन कराया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है। किसानों ने भी दोबारा ऐसी घटना न होने की मांग की है।एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और गोतस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *