




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपराधियों पर नजर रखने के लिए शहर के सभी मुख्य चौराहा को सीसीटीवी कैमरा से लैस किया जा रहा है।सिर्फ इतना ही नहीं यह सीसीटीवी कैमरे सेंट्रलाइज्ड मॉनिटरिंग सिस्टम से कनेक्ट होंगे, जिसे एक व्यवस्थित कंट्रोल रूम से ऑपरेट किया जाएगा। आजमगढ़ की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और हमेशा सड़कों पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विभाग की तरफ से यह नई व्यवस्था शुरू की जा रही है। इसके अंतर्गत ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती दिखाई की जा सके। जनपद के यातायात विभाग के द्वारा शहर के मुख्य चौराहा को चिन्हित करते हुए वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिसकी मदद से इन संवेदनशील जगहों पर यातायात के साथ साथ हर गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जा सके, जनपद पुलिस के द्वारा कंजेशन फ्री अभियान के तहत शहर में यातायात व्यवस्था को मजबूती देने और प्रभावी नियंत्रण के मकसद से यह कदम उठाए जा रहे हैं। इसकी जानकारी देते हुए एसपी पी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि शहर के 13 प्रमुख चौराहों पर पहले से ही CCTV कैमरे काम कर रहे हैं। इस वर्ष मिले बजट की सहायता से 7 और नए चौराहों को इस नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। इस प्रकार, शहर के कुल 20 मुख्य चौराहों पर कैमरों की निगरानी होगी। इन कैमरों का मुख्य उद्देश्य अपराधियों पर नज़र रखना और किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना होने पर त्वरित कार्रवाई के लिए साक्ष्य जुटाना है। पुलिस लाइन स्थित यातायात कार्यालय में एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहाँ से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर चौबीसों घंटे नज़र रखी जाएगी। यदि कोई भी व्यक्ति यातायात नियमों का उल्लंघन करता है जैसे हेलमेट न पहनना या सिग्नल तोड़ना, तो कंट्रोल रूम से उसकी पहचान कर सीधे ई-चालान भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी एक महीने के भीतर सभी 20 चौराहों पर लगे कैमरे पूरी तरह से सक्रिय हो जाएंगे।आज़मगढ़ पुलिस का यह कदम शहर को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
