नौकरी के नाम पर 11 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देने वाला आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। तरवां थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख रुपये की ठगी करने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को रासेपुर बाजार से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।पुलिस के अनुसार, रासेपुर निवासी संदीप जायसवाल ने न्यायालय के आदेश पर 1 जुलाई 2026 को मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि नागेन्द्र यादव, डब्लू यादव निवासी पहलवानपुर और दीपक गौड़ निवासी भड़सर, गाजीपुर ने खुद को वन विभाग में कार्यरत बताते हुए असम राइफल्स में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके एवज में संदीप से कुल 11 लाख रुपये लिए गए।आरोपियों ने संदीप के नाम से कूटरचित नियुक्ति पत्र तैयार कर भेजा और उसके मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र भी अपने पास रख लिए। नौकरी लगने का भरोसा देकर उसे गुवाहाटी भी भेजा गया, लेकिन नौकरी नहीं लगवाई गई। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक रुपेश कुमार सिंह ने हमराह पुलिसकर्मी के साथ सोमवार सुबह करीब 9:45 बजे रासेपुर बाजार से नागेन्द्र यादव (27) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 506 भादवि के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *