CMO की तत्परता से बची जान: सड़क पर अचेत मिले शिक्षक को तुरंत मिला इलाज

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

टोल प्लाजा के पास घायल पड़े थे शिक्षक, CMO ने रुकवाया वाहन, एम्बुलेंस से अस्पताल भेजवाया

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा की सतर्कता और संवेदनशीलता से एक घायल शिक्षक को समय पर उपचार मिल सका। शनिवार को लालगंज तहसील दिवस से लौटते समय रानी की सराय-आजमगढ़ मार्ग स्थित टोल प्लाजा के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला।तेज धूप में कई राहगीर गुजर रहे थे, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आ रहा था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए डॉ. वर्मा ने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और स्टाफ की मदद से घायल को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर घायल को जिला पुरुष चिकित्सालय, आजमगढ़ भिजवाया गया, जहां उसका इलाज शुरू हुआ।अस्पताल की केस शीट के अनुसार घायल की पहचान ओमप्रकाश यादव (62 वर्ष), निवासी अंबेडकर नगर के रूप में हुई है। उन्हें शाम 4:03 बजे भर्ती किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक सड़क दुर्घटना में उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और दाहिने पैर, कंधे व हाथ में फ्रैक्चर की आशंका है। राहत की बात यह रही कि हेलमेट पहने होने के कारण सिर में गंभीर चोट नहीं आई और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।घटना के बाद डॉ. वर्मा स्वयं मंडलीय जिला चिकित्सालय पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए और परिजनों को हरसंभव बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया।CMO की इस त्वरित और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों व अस्पताल स्टाफ ने सराहना की है। यह घटना आपात स्थिति में जिम्मेदार प्रशासनिक कार्यशैली का एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *