आजमगढ़ पत्नी को प्रेमी संग देख भड़का पति, फायरिंग में युवक घायल

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के कोतवाली क्षेत्र के वैसा डीह गांव स्थित अमृत सरोवर के पास शनिवार शाम करीब छह बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पति ने अपनी पत्नी को उसके कथित प्रेमी के साथ देख लिया और गुस्से में फायरिंग कर दी। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कतरा कुटिया आंखूपुर निवासी अंजली (32) की शादी कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मेनमवली गांव निवासी केसरी चौहान से हुई थी। बताया जा रहा है कि अंजली काफी समय से अपने मायके में रह रही थी। शनिवार को वह अपने परिचित रमेश कुमार (30), निवासी पेंडरा, सरायमीर, के साथ दवा लेकर घर लौट रही थी। जैसे ही दोनों वैसा डीह स्थित अमृत सरोवर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे पति केसरी चौहान अपने दो साथियों के साथ वहां मौजूद था। दोनों को साथ देखकर वह भड़क उठा और रमेश के साथ हाथापाई करने लगा। इसी दौरान उसने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे रमेश के हाथ में गोली लग गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी किरन पाल सिंह और कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही कोई तहरीर मिली है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *