छात्रों से सफाई व निजी काम करवाना पड़ा भारी, प्रधानाध्यापक निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के अजमतगढ़ क्षेत्र स्थित पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय (प्रथम) में छात्रों से पढ़ाई के बजाय सफाई और निजी कार्य कराए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने प्रधानाध्यापक अवधेश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।मामला उस समय सामने आया जब 10 अप्रैल 2026 को एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर और वायरल वीडियो के माध्यम से यह खुलासा हुआ कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से गैर शैक्षणिक कार्य जैसे सफाई, निजी काम और सामान ढुलवाया जा रहा था।इसके साथ ही विद्यालय में मध्यान्ह भोजन को बाहर चूल्हे पर बनाए जाने तथा उसमें वित्तीय अनियमितताओं के भी गंभीर आरोप लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए कार्यालय ने 13 अप्रैल को प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।जारी आदेश में कहा गया है कि यह कृत्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के प्रावधानों का उल्लंघन है और शिक्षक पद की गरिमा के विपरीत है। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित प्रधानाध्यापक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा तथा उन्हें खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अजमतगढ़ से संबद्ध किया गया है।साथ ही, खंड शिक्षा अधिकारी हरैया को मामले की जांच सौंपी गई है और निर्देश दिए गए हैं कि आरोप पत्र तैयार कर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *