अतरौलिया में तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेले को लेकर बिजली विभाग सतर्क, जेई ने किया निरीक्षण

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया, आजमगढ़। कस्बे में 25, 26 और 27 अक्टूबर को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए बिजली विभाग सतर्क हो गया है। मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) मनोज कुमार गुप्ता ने मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जेई ने मेला परिसर, प्रमुख मार्गों, विद्युत खंभों और विभिन्न पंडालों में बिजली व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने खुले एवं नंगे तारों, ढीले कनेक्शनों तथा नीचे लटक रहे विद्युत तारों की स्थिति की जांच की। साथ ही पंडालों में किए गए विद्युत संयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था भी परखी।निरीक्षण के बाद जेई मनोज कुमार गुप्ता ने मौके पर मौजूद लाइनमैनों और विद्युत कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मेला क्षेत्र में ढीले, नीचे लटक रहे और जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों की आवाजाही को देखते हुए विद्युत सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने विद्युत कर्मियों को मेले के तीनों दिनों तक सतर्क रहने और निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभाग का उद्देश्य है कि ऐतिहासिक मेले के दौरान बिजली से जुड़ी किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और मेला शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *