
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर बरौली गांव में शनिवार रात भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में एक पक्ष से मां-बेटे समेत नौ लोग घायल हो गए। घायलों को पहले सीएचसी फूलपुर में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदरपुर बरौली निवासी निर्मला देवी ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष गांव के पूर्व प्रधान से मिलीभगत कर उनके घर के पीछे आबादी की भूमि पर कब्जा कर मकान बनवा चुका है।अब वह उनकी भूमि की ओर से रास्ता मांगने और दरवाजा खोलने का प्रयास कर रहा था। मना करने पर मारपीट शुरू कर दी गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दोनों पक्षों को हिदायत देकर छोड़ दिया। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद विपक्षी फिर से परिजनों के साथ मिलकर जबरन दरवाजा खोलने लगा। विरोध करने पर निर्मला देवी पर लाठी-डंडे और फावड़े से हमला कर दिया गया। उन्हें बचाने पहुंचे पुत्र आविश, अंकित, आदित्य, अंश, आयुष, बहू क्रांति, रिंका और पूनम को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जिससे सभी घायल हो गए। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। चिकित्सकों के अनुसार निर्मला देवी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शहर कोतवाल सच्चिदानंद यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
