
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।अतरौलिया नगर पंचायत क्षेत्र में होलिका दहन स्थल को लेकर उत्पन्न विवाद को देखते हुए मंगलवार को बुढ़नपुर के उप जिलाधिकारी अभय राज पांडे पूरब पोखरा पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। उनके साथ थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे, नगर के व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।जानकारी के अनुसार, पारंपरिक होलिका दहन स्थल को लेकर नगरवासियों ने हाल ही में थाना परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में आपत्ति दर्ज कराई थी। लोगों का आरोप है कि पूरब पोखरा स्थित जिस स्थान पर वर्षों से होलिका दहन होता रहा है, वहां कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। इससे इस वर्ष पर्व आयोजन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने स्थल का निरीक्षण कर बाउंड्री वॉल गेट के समीप वैकल्पिक स्थान चिन्हित कराया। उन्होंने उपस्थित लोगों से शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होलिका दहन संपन्न कराने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने भी नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया।वहीं, नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूर्व में चिन्हित पारंपरिक स्थल पर ही होलिका दहन की अनुमति दी जाए। उनका कहना है कि अवैध कब्जे के कारण उन्हें वर्षों पुराने स्थान पर आयोजन करने में दिक्कत हो रही है।
