

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चकिया रोड अमिलो में बुधवार देर रात पारिवारिक प्रॉपर्टी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच रात करीब 11 बजे लाठी-डंडे और रॉड से जमकर मारपीट हुई। इस दौरान मोहम्मद ताहिर अहमद पर उसके ही भाइयों मोहम्मद आमिर, मोहम्मद काशिफ, मोहम्मद कमर व मोहम्मद सलीम ने लाठी-डंडे और रॉड से जानलेवा हमला कर दिया।हमले में मोहम्मद ताहिर गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी और बच्चों को भी बेरहमी से पीटकर घर के बाहर फेंक दिया गया। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर पहुंचाया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान मोहम्मद ताहिर की मौत हो गई। उनकी पत्नी और बच्चे फिलहाल सदर अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घर का ताला खुलवाकर तीन महिलाओं समेत एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए जांच में जुट गई है।
