

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के जिला कारागार के सरकारी खाते से 52 लाख 85 हजार रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है।जहाँ इस संगठित वित्तीय घोटाले में शामिल 6 अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संयुक्त बैठक में अनुमोदन के बाद यह कार्रवाई की गई है। आपको बता दे की 10 अक्टूबर 2025 को जिला कारागार आजमगढ़ के वरिष्ठ अधीक्षक द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर बड़ा खुलासा हुआ। आरोप है कि अभियुक्तों ने जेलर के फर्जी हस्ताक्षर कर चेकबुक के माध्यम से सरकारी खाते से 52.85 लाख रुपये की अवैध निकासी की। इस मामले में थाना कोतवाली में पहले ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि यह अपराध संगठित गिरोह द्वारा आर्थिक लाभ के उद्देश्य से किया गया। जांच में सामने आया कि गबन की गई रकम से बुलेट और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खरीदी गई, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। विवेचना पूर्ण होने के बाद सभी अभियुक्तों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। इसके बाद पुलिस द्वारा गैंगचार्ट तैयार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई, जिसे 9 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी द्वारा अनुमोदन मिला। फिलहाल सभी आरोपी जिला कारागार आजमगढ़ में निरुद्ध हैं।आजमगढ़ पुलिस नें कहा की सरकारी धन की लूट, संगठित अपराध और भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
