

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार द्वारा वारंटियों व उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी जहानागंज अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में थाना जहानागंज पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पंचायत चुनाव को लेकर उत्पन्न विवाद में आमने–सामने आए दो पक्षों के कुल 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। आपको बता दे की थाना जहानागंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम बोहना में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर दो पक्ष एक-दूसरे को नीचा दिखाने के उद्देश्य से विवाद में उलझ गए। दोनों पक्षों द्वारा लाठी–डंडा व रम्मा लेकर एक-दूसरे को ललकारते हुए हाथापाई, मारपीट शुरू कर दी गई तथा जान से मारने की धमकियां दी गईं। सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस टीम द्वारा तत्काल बीच–बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। शांति व्यवस्था भंग होने की प्रबल आशंका को दृष्टिगत रखते हुए थाना जहानागंज पुलिस द्वारा धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत कुल 14 व्यक्तियों को कारण गिरफ्तारी में लेकर माननीय एसडीएम सदर न्यायालय भेजा गया।
