


गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़ जिला प्रशासन ने एक नई और महत्वपूर्ण डिजिटल सुविधा की शुरुआत की है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देशन में कलेक्ट्रेट परिसर में पहली बार ऐसी कियोस्क मशीन लगाई गई है, जो आम नागरिकों को एक ही स्थान पर राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं की पूरी जानकारी उपलब्ध कराएगी। इस कियोस्क की मदद से नागरिक पात्रता, लाभ, जरूरी दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और योजना से जुड़े लिंक एक क्लिक में आसानी से देख सकेंगे। कियोस्क में क्यूआर कोड की सुविधा भी दी गई है। इसे स्कैन करते ही लोग सीधे आवेदन पेज पर पहुँच जाते हैं, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया तेज और सरल हो जाती है। इस मशीन में चैटबॉट भी एकीकृत है, जो नागरिकों के सामान्य सवालों के जवाब देता है और उनकी जरूरत के अनुसार सही योजना चुनने में मदद करता है।कियोस्क की एक खास बात यह भी है कि इसमें नागरिक मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ले सकेंगे। कस्टम फ्रेम के जरिए ली गई यह फोटो लोगों में जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने का माध्यम भी बनेगी। कियोस्क में बहुभाषी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे अलग-अलग भाषा बोलने वाले नागरिक भी योजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त कर पाएंगे। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि कियोस्क मशीन सरकारी योजनाओं की जानकारी को पारदर्शी, सरल और सुलभ बनाने में एक बड़ा कदम है। इससे नागरिकों को कार्यालयों या किसी अन्य माध्यम पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, और सरकारी सेवाओं की पहुँच और भी बेहतर होगी। कलेक्ट्रेट में यह डिजिटल पहल प्रशासन की उस सोच को भी आगे बढ़ाती है, जिसमें तकनीक के माध्यम से लोगों तक जानकारी और सेवाएँ तेजी से पहुँचाई जा रही हैं।
