
गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर गणना प्रपत्र भरने को लेकर मतदाताओं के समक्ष आ रही परेशानियों को दूर करने के लिए रविवार को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगाये गए थे। पहले दिन ही कैंप में आए ढाई लाख मतदाताओं का गणना प्रपत्र भरकर जमा कराया गया। अब तक जिले में 8 लाख 80 हजार गणना प्रपत्र जमा हो चुके हैं। भरे हुए गणना प्रपत्रों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइजेशन भी कर लिया गया। एसआईआर अभियान के तहत जिले के सभी 10 विधानसभा में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए लगाए गए 3869 बीएलओ के माध्यम से चार नवंबर से घर-घर मतदाताओं को प्रति में गणना प्रपत्र वितरित किये जा रहे हैं। मतदाता द्वारा गणना प्रपत्र को भरकर एक प्रति बीएलओ को वापस करनी होती है और दूसरी प्रति मतदाता के पास सुरक्षित रखनी है, जिससे जरूरत के अनुसार सत्यापन में सुविधा रहे। आधी अधुरी जानकारी के चलते अधिकतर मतदाताओं को गणना प्रपत्र को भरने में दिक्कतें आ रही थी कि प्रपत्र में क्या भरा जाए। इस संबंध में प्रशासन की ओर से न तो मतदाताओं को जागरूक किया गया और नही बताया गया कि वे प्रपत्र में क्या भरें और क्या न भरें। शिक्षित मतदाता जहां परेशान थे, वहीं सबसे ज्यादा परेशानी निरक्षर मतदाताओं के सामने थी । चार दिसंबर तक मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को देने की अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है। मतदाताओं की इन परेशानियों को देखते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत जिले के सभी बूथों पर रविवार को विशेष कैंप लगाए गए। विशेष कैंप में सभी बीएलओ पदाभिहित अधिकारियों, ग्राम पंचायत सचिव, सफाई कर्मी, ग्राम रोजगार सेवकों, लेखपाल, सहायक निर्वाचक अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियो द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के साथ ही उनका गणना प्रपत्र भरवाया। विशेष कैंप में फॉर्म भरने आए मतदाताओं ने बताया कि एसआईआर भरने की प्रक्रिया बड़ी ही जटिल है। मतदाताओं ने मांग किया की एस आई आर की प्रक्रिया के लिए 4 दिसंबर दिया गया है जो बहुत ही कम समय है । कम से कम दो-तीन माह का समय और देना चाहिए जिससे कि सभी मतदाता आसानी से अपना फॉर्म भर सकें।
