



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के अतरौलिया क्षेत्र स्थित कीर्तिमान इंडेन गैस सर्विस, लोहरा पर केवाईसी के नाम पर उपभोक्ताओं से ₹500 वसूले जाने की ऑनलाइन शिकायत की जांच के लिए पूर्ति विभाग की टीम पहुंची। यह शिकायत पंकज कुमार निवासी अल्लाउद्दीनपुर (अंबेडकर नगर) द्वारा दर्ज कराई गई थी।जांच प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें पूर्ति निरीक्षक बुढ़नपुर के के मिश्रा और इंडियन ऑयल के सेल्स मैनेजर राहुल प्रजापति भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कंचन (नरियाव), महेंद्र (नंदना), शशिकला (लोहरा), धर्मेंद्र पांडे (चकबेलवा) और प्रेमशिला (संत कबीर नगर) समेत कई उपभोक्ताओं से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए।पूछताछ के दौरान किसी भी उपभोक्ता ने केवाईसी के नाम पर पैसे मांगने की बात से इनकार किया। सभी ने बताया कि उनसे किसी प्रकार की धनराशि नहीं ली गई है।प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया या खुद को बाहर बताया। जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता के पिता के नाम से गैस कनेक्शन है, जिस पर 8 अगस्त 2024 को आखिरी बार गैस डिलीवरी हुई थी और उसी समय केवाईसी भी पूरी की गई थी। इसके बाद से कोई रिफिल नहीं कराया गया।अधिकारी ने कहा कि केवाईसी के नाम पर पैसे लेने का आरोप निराधार पाया गया है और जांच में एजेंसी के खिलाफ कोई अनियमितता नहीं मिली। साथ ही एजेंसी संचालक को निर्देश दिए गए कि उपभोक्ताओं से अच्छा व्यवहार करें, डीएसी कोड मिलने के बाद ही गैस रिफिल करें और अधिक से अधिक होम डिलीवरी सुनिश्चित करें, ताकि एजेंसी पर अनावश्यक भीड़ न लगे।जांच के दौरान पूर्ति निरीक्षक के के मिश्रा, सेल्स मैनेजर राहुल प्रजापति, कीर्ति प्रकाश मिश्रा, मुन्नीलाल गुप्ता और प्रवीण सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
