
आजमगढ़ भारत सरकार के Ministry of Communication के अंतर्गत Department of Telecommunication (DoT) द्वारा संचालित CEIR (Central Equipment Identity Register) Portal पर मोबाइल फोन रिकवरी में उत्तर प्रदेश राज्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए जनपद आजमगढ़ पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित समारोह में डीजी टेलीकॉम सुनीता चंद्रा द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन को प्रदान किया गया। इस अवसर पर जनपद आजमगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन द्वारा (Presentation) भी दिया गया, जिसमें बताया गया कि
आजमगढ़ पुलिस ने समन्वित टीमवर्क, तकनीकी दक्षता, त्वरित कार्रवाई एवं नागरिक सहभागिता के माध्यम से मोबाइल रिकवरी में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
CEIR पोर्टल पर दर्ज गुम एवं चोरी मोबाइल ट्रैकिंग मामलों का त्वरित निस्तारण कर, नागरिकों को समयबद्ध राहत प्रदान की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० अनिल कुमार ने कहा कि “यह सम्मान आजमगढ़ पुलिस के हर उस अधिकारी व कर्मी के परिश्रम और तकनीकी दक्षता का परिणाम है, जिन्होंने तकनीक को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाया। हमारा लक्ष्य केवल मोबाइल बरामद करना नहीं, बल्कि नागरिकों का विश्वास अर्जित करना है।” आजमगढ़ पुलिस द्वारा अब तक कुल 2445 एण्ड्रॉइड मोबाइल फोन (वर्ष 2024 से अब तक), जिनकी कुल कीमत लगभग ₹6 करोड़ 11 लाख है, को बरामद कर स्वामियों को सुपुर्द किया जा चुका है। केवल वर्ष 2025 में अब तक 1194 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। हाल ही में 177 एण्ड्रॉइड मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹44 लाख) की बरामदगी कर स्वामियों को सुपुर्द किया गया। यह उपलब्धि प्रोएक्टिव टेक्निकल ट्रेसिंग सिस्टम, थाना-स्तरीय CEIR नोडल अधिकारी प्रणाली तथा नागरिक जागरूकता अभियानों के माध्यम से संभव हुई है।
