आजमगढ़ में बकरी चोर गैंग से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद बदमाश गिरफ्तार!

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र में रविवार को बकरी चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र हसीब, निवासी अशरफपुर थाना जीयनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन और बकरी बेचने से मिले 1,560 रुपये बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, सिधारी थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। शाहगढ़ चौराहे पर सूचना मिली कि बकरी चोरी गिरोह के दो सदस्य मोटरसाइकिल से समेंदा की तरफ से शाहगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने समेंदा-पूरा ठकुराई मार्ग स्थित लोहारी मोड़ पुलिया के पास घेराबंदी की।पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया तो बाइक गिर गई। आरोप है कि चालक ने अपने साथी आसिफ को पुलिस पर गोली चलाने के लिए कहा और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद आसिफ ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।पूछताछ में आरोपी ने सिधारी क्षेत्र के दौलतपुर से दो बकरी, समेंदा से एक बकरी और जीयनपुर क्षेत्र के बैरियाडिह से तीन बकरी चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस के मुताबिक गिरोह का नेतृत्व कलीम पुत्र इस्लाम निवासी शाहपुर थाना जीयनपुर करता है। कलीम मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आसिफ पर कुल 6 मुकदमे, जबकि फरार कलीम पर 38 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर सिधारी थाने में आसिफ के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *