

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के छठीहार के अवसर पर छोटी हरैया गांव में बुधवार की शाम भव्य छठीहार महोत्सव का आयोजन किया गया। भजन गायक संजीव प्रजापति के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्वांचल के लोकप्रिय गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्तिरस में सराबोर रखा। कार्यक्रम शाम सात बजे शुरू हुआ और देर रात तक चलता रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वांचल के लोकप्रिय गायक कलाकार एवं फिल्म अभिनेता राजेश रंजन ने श्रीगणेश स्तुति से किया। परम पूज्य गुरुदेव भगवान श्री महेंद्र नाथ मिश्रा के मंत्रोच्चारण के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। संजीव प्रजापति की टीम ने गुरुदेव को अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।इसके बाद वरिष्ठ शास्त्रीय गायक शंभूनाथ मिश्रा को मंच पर आमंत्रित किया गया। उन्होंने सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर अपनी हाजिरी लगाई। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण अनुपम राय ‘गुड्डू’ और संदीप सिंह ने भी मंच संभाला। अनुपम राय ‘गुड्डू’ ने एक से बढ़कर एक भजन और सुंदर सोहर प्रस्तुत किए, जिस पर पूरा ग्राम राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु तालियां बजाते हुए भक्ति में झूमते नजर आए।मेहमान कलाकार संदीप सिंह ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। भजनों के साथ सुंदर सोहर प्रस्तुत कर उन्होंने श्रद्धालुओं को खूब गुदगुदाया। इस दौरान पूरा वातावरण राधे-कृष्ण की भक्ति में डूबा रहा।आयोजक एवं भजन गायक संजीव प्रजापति ने बाबा भोलेनाथ की महिमा का सुंदर भजन प्रस्तुत करने के साथ ही श्रीकृष्ण के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति की गंगा में गोता लगाने पर मजबूर कर दिया। वहीं राजेश रंजन ने “मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है, करते हो तुम कन्हैया मेरा नाम हो रहा है” भजन प्रस्तुत किया तो श्रद्धालु तालियां बजाते हुए झूम उठे।कार्यक्रम में ग्राम प्रधान समर सिंह एवं आयोजक संजीव प्रजापति की टीम की ओर से आमंत्रित सभी कलाकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। छठीहार महोत्सव में सत्यम शिवम प्रजापति कृष्ण-बलराम के स्वरूप में आकर्षण का केंद्र रहे।कार्यक्रम के अंत में “श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेवा” की आरती कराई गई। इसके बाद राधे-कृष्ण के जयकारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। श्री बाबा भंवरनाथ की सरकार के दरबार से संध्याकालीन आरती मंडली के रानू सिंह, प्रदीप उपाध्याय, विक्रांत सिंह, सुनील सिंह, श्याम जी, राम जी एवं वरुण धवन सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में मौजूद रहे। माता-बहनों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राधे-राधे के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अंत में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
