

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अहरौला। थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर असिलाई मोड़ के पास बाइक सवार दो युवकों ने 18 वर्षीय युवक को गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।पकड़ी निवासी आर्यन यादव पुत्र मनोज (18) अहरौला बाईपास स्थित अपने आरएन ढाबे पर जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह असिलाई मोड़ के पास पहुंचा, तभी दो बाइक सवार युवकों ने कथित तौर पर उसे निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली आर्यन के बाएं हाथ की हथेली और बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अहरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों की पहचान करने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। थाने से चंद दूरी पर दिनदहाड़े गोली चलने की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
