

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सिधारी हाइडिल स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में शुक्रवार को जमीन के बैनामे को लेकर जमकर हंगामा हो गया। बैनामे का विरोध करने पहुंचे विक्रेता के पुत्र और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। मारपीट का आरोप भी लगाया गया है। सूचना पर पहुंची सिधारी थाना पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सुराई गांव निवासी बजरंगी गोंड ने आरोप लगाया कि उसके पिता उत्तम गोंड की करीब 19 बिस्वा जमीन का बैनामा गांव के ही अशोक यादव और संतोष यादव द्वारा कराया जा रहा था। बजरंगी के अनुसार, जानकारी मिलते ही वह सिधारी हाइडिल स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचा और बैनामे पर आपत्ति जताई। आरोप है कि आपत्ति जताने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे घेर लिया। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। रजिस्ट्री कार्यालय परिसर में हंगामा होने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मामले की सूचना मिलने पर सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
