

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बटला हाउस एनकाउंटर की 18वीं बरसी पर शनिवार को राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने न्यायिक जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की। कौंसिल के राष्ट्रीय महासचिव तलहा रशादी ने कहा कि बटला हाउस एनकाउंटर की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि एनकाउंटर सही था तो न्यायिक जांच में भी वही तथ्य सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि कौंसिल न्यायिक जांच की मांग तब तक जारी रखेगी, जब तक सरकार इस मांग को स्वीकार नहीं करती। प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने आरोप लगाया कि वर्ष 2008 में बटला हाउस में हुई पुलिस मुठभेड़ में दो मुस्लिम युवकों आतिफ और साजिद के साथ पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हुई थी। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल ने आजमगढ़ से दिल्ली तक विरोध प्रदर्शन किया और न्यायिक जांच की मांग उठाई थी। जिलाध्यक्ष हाजी मतीउल्लाह ने कहा कि बटला हाउस एनकाउंटर का मुद्दा कौंसिल ने राष्ट्रीय स्तर पर उठाया है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
