आजमगढ़ में बंद घरों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 शातिर गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पवई पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 14 सोने और 22 चांदी के आभूषण, ₹14 हजार नकद, तमंचा-कारतूस, एक टैम्पो और दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब ₹5.50 लाख बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को पवई थाना क्षेत्र के नाटी गांव में उमाशंकर के बंद घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी किए गए थे। मामले के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।18 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे मुखबिर की सूचना पर पवई पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने अंबारी रोड पर बाघबहरा पुलिया के पास घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आजमगढ़ के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की चार घटनाओं के खुलासे का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. अब्दुल्ला निवासी सठियांव, अम्बेश कुमार निवासी कुकुड़ीपुर सठियांव, आकाश कुमार निवासी गजाड़ा सठियांव और विकास सोनी निवासी सरायमीर के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऐसे घरों की रेकी करते थे जिनके मालिक या परिजन बाहर गए हों। मौका मिलते ही ताला तोड़कर घर में प्रवेश करते और सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर लेते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में कोतवाली आजमगढ़, रौनापार, अहरौला और पवई क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है।गिरफ्तार मो. अब्दुल्ला के पास से .315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, चोरी का माल अंबेडकरनगर में बेचने की योजना थी और गिरफ्तारी के समय आरोपी कथित तौर पर रेकी के लिए घूम रहे थे।मामले में चोरी और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *