

अमन गुप्ता,मऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मऊ के महादेव धाम में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महादेव धाम लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।दीपोत्सव में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान महादेव का पूजन-अर्चन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई।प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने सभी निकायों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कराया। महादेव धाम में आयोजित भव्य दीपोत्सव और पूजन कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।दीपों की रोशनी से जगमग महादेव धाम का नजारा आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर सेवा और जनकल्याण का संकल्प लिया।
