आजमगढ़ पहुंचे कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, बोले- यूपी की सभी 403 सीटों पर कांग्रेस की तैयारी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मंगलवार को आजमगढ़ पहुंचे। सदर तहसील क्षेत्र के जमालपुर में आयोजित राजभर समाज और मूल निवासी समाज पार्टी की बैठक में शामिल होकर उन्होंने संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया।मीडिया से बातचीत में राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशभर में संगठन सृजन अभियान चला रही है। 134 जिलों और शहरों में जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि इसी महीने के अंत तक उत्तर प्रदेश कांग्रेस का संगठन ऊपर से लेकर नीचे तक घोषित कर दिया जाएगा।कांग्रेस प्रभारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों को बंद कर निजी स्कूलों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि उच्च और व्यावसायिक शिक्षा महंगी होने से गरीब, मजदूर, किसान, दलित और वंचित वर्ग के लोगों के लिए शिक्षा मुश्किल होती जा रही है। उन्होंने प्रदेश में अपराध और महिलाओं व दलितों के उत्पीड़न की घटनाओं को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में शिक्षा, छात्रवृत्ति, आरक्षण, सूचना का अधिकार, खाद्य सुरक्षा और शिक्षा के अधिकार सहित कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में मूल निवासी और दलित-वंचित समाज के लोगों की अनदेखी हो रही है।गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि संगठन सृजन का काम इसी महीने पूरा होने के बाद अगले महीने सीट बंटवारे को लेकर सहयोगी दलों के साथ चर्चा होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है। गठबंधन में जिन सीटों पर सहयोगी दल चुनाव लड़ेंगे, वहां भी कांग्रेस उनके प्रत्याशियों को जिताने के लिए काम करेगी।INDIA गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस बड़ा और प्रमुख दल होने के नाते अपने सहयोगियों को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी समझती है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में घमंड की कोई जगह नहीं होनी चाहिए और सभी दलों को मिलकर आगे बढ़ना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *