

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सवर्ण आर्मी भारत के पदाधिकारियों ने यूजीसी के प्रस्तावित प्रावधानों को लेकर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से शासन स्तर तक मांगें पहुंचाने के लिए ज्ञापन सौंपा। संगठन ने सवर्ण समाज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सवर्ण आयोग के गठन की मांग की है।ज्ञापन में यूजीसी के विवादित/आपत्तिजनक प्रावधानों को तत्काल रोलबैक करने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि ऐसे प्रावधानों की समीक्षा जरूरी है, जिनसे सामाजिक असंतुलन या किसी वर्ग के साथ भेदभाव की भावना उत्पन्न हो सकती है। सवर्ण आर्मी ने सवर्ण आयोग के गठन, आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण परिवारों के लिए प्रभावी कल्याणकारी योजनाएं लागू करने तथा शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आर्थिक आधार पर समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग रखी। साथ ही सवर्ण समाज से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था बनाने की मांग की गई।
