पहली बारिश में धंस गई चार दिन पहले बनी इंटरलॉकिंग सड़क, लोगो ने लगाए लापरवाही के आरोप

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के नगर पंचायत अतरौलिया के वार्ड नंबर 10 में चार दिन पहले बनाई गई इंटरलॉकिंग सड़क पहली ही तेज बारिश में कई स्थानों पर धंस गई। सड़क में गहरे गड्ढे हो गए और इंटरलॉकिंग ईंटें उखड़कर बिखर गईं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।वार्ड नंबर 10 में मन्ने समोसा वाले की दुकान से पाठक जी की आटा चक्की तक करीब 100 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण हाल ही में कराया गया था। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण पूरा हुए चार दिन भी नहीं बीते थे कि तेज बारिश के बाद सड़क कई जगह बैठ गई। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई। मिट्टी की पर्याप्त भराई के बाद उसकी कुटाई नहीं कराई गई और न ही नीचे बालू व डस्ट का मजबूत बेस तैयार किया गया। इसके बाद जल्दबाजी में इंटरलॉकिंग ईंटें बिछा दी गईं।सड़क धंसने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के नीचे खोखलापन होने से दोपहिया वाहन चालकों और बच्चों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से सड़क की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिशासी अधिकारी से शिकायत कर निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। इस दौरान सुभाष निषाद, संतराम निषाद, धर्मेंद्र निषाद (पूर्व नगर पंचायत प्रत्याशी) और रमेश सिंह (रामू) समेत अन्य लोग मौजूद रहे।अधिशासी अधिकारी विनय शंकर अवस्थी ने बताया कि सड़क धंसने का मामला संज्ञान में आया है। इसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क को मानक के अनुरूप दुरुस्त किए जाने तक ठेकेदार का भुगतान नहीं किया जाएगा। जांच में दोषी मिलने पर संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *