टेम्पो में महिलाओं के बैग की चेन काटकर जेवर चोरी करने वाला ₹25 हजार का इनामी गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना सिधारी पुलिस ने चार माह से अधिक समय से फरार चल रहे ₹25 हजार के पुरस्कार घोषित वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सलटू राम (65) पुत्र रामचरन राम, निवासी नसरूद्दीनपुर, थाना तहबरपुर, वर्तमान पता काशीराम आवास जाफरपुर, थाना सिधारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सलटू राम टेम्पो और अन्य सवारी वाहनों में यात्रियों के बीच बैठकर महिलाओं को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोह का सदस्य था। गिरोह के सदस्य मौका पाकर महिलाओं के बैग और झोलों की चेन काटकर उनमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी व अन्य कीमती सामान चोरी करते थे। आरोपी के खिलाफ थाना जीयनपुर में वर्ष 2024 में चोरी के दो मुकदमे दर्ज हुए थे। विवेचना के दौरान दोनों मामलों में सलटू राम की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया। इसी मामले में वह वांछित चल रहा था। SSP डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित और पुरस्कार घोषित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिधारी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 9 सितंबर को पहलवान तिराहा के पास सुबह करीब 10:30 बजे सलटू राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *