फर्जी क्लिनिक संचालक गिरफ्तार, गलत इलाज से मरीज की हालत बिगाड़ने का आरोप

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में बिना पंजीकरण के क्लिनिक संचालित कर खुद को चिकित्सक बताकर मरीज का गलत तरीके से इलाज करने के आरोप में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2025 को ग्राम मईखरगपुर निवासी सुनील यादव के भाई अजीत यादव शौचालय में गिरने से पैर में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें गोसाई की बाजार स्थित प्रकाश हेल्थ केयर सेंटर पर सत्यप्रकाश के पास इलाज के लिए ले गए। आरोप है कि सत्यप्रकाश ने खुद को चिकित्सक बताकर उनका उपचार किया, लेकिन इलाज के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई और वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गए।बाद में जानकारी करने पर कथित हेल्थ केयर सेंटर और चिकित्सक के पंजीकरण न होने की बात सामने आई। उपचार में लापरवाही के कारण पैर काटने की स्थिति उत्पन्न होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित के परिजन ने पुलिस से शिकायत की थी।मामले में गंभीरपुर थाने पर मु0अ0सं0 221/2026, धारा 109(1)/318(4) बीएनएस और 34(2) NMC Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस के मुताबिक, सोमवार को उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मिश्रा ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ वांछित आरोपी सत्यप्रकाश पुत्र लालता प्रसाद, निवासी पन्दहा, थाना मेहनगर को गोसाई की बाजार से करीब दोपहर 1:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी का चालान न्यायालय कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *