

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। खोए और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 354 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 81 लाख रुपये है। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में फरवरी 2024 से गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। मोबाइल धारकों द्वारा CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जाती है, जिसके आधार पर सीसीटीएनएस टीम द्वारा मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद करने की कार्रवाई की जाती है।पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 2,133 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 7 लाख 75 हजार रुपये है। वहीं, फरवरी 2024 से अब तक करीब 31 माह में कुल 5,770 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ 76 लाख रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद करने में मदद मिलती है। अभियान के तहत अगस्त माह में भी जनपद के विभिन्न थानों द्वारा बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
