

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। हरिऔध कला केंद्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव कुमार के मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होने को लेकर समाजवादी पार्टी की छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कुलपति के कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी मिलने पर सपा छात्रसभा के कार्यकर्ता हरिऔध कला केंद्र के बाहर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विश्वविद्यालय के कुलपति को किसी राजनीतिक या वैचारिक संगठन के कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होने से बचना चाहिए। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल से दूर रखने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी और गहमागहमी की स्थिति बनी रही। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई सपा छात्रसभा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उन्हें कोतवाली पहुंचाया। वहीं, पुलिस की मौजूदगी में हरिऔध कला केंद्र में RSS का कार्यक्रम जारी रहा। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल के आसपास पुलिस बल तैनात रहा।
