

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। कोतवाली पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के ₹50 हजार के इनामी गैंग लीडर प्रमोद कुमार को लखनऊ के परिवर्तन चौक से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार, प्रमोद कुमार आजमगढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का सरगना था। गिरोह के छह सदस्यों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। उनकी निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें और बड़ी संख्या में बाइक के पार्ट्स बरामद किए गए थे। जांच में सामने आया था कि चोरी की मोटरसाइकिलों को सठियांव बाजार स्थित एक गैरेज में ले जाकर उनके पार्ट्स अलग किए जाते थे। कुछ पार्ट्स कबाड़ी को बेच दिए जाते थे, जबकि अच्छे पार्ट्स दूसरी मोटरसाइकिलों में लगाकर खपाए जाते थे। बरामद वाहनों के संबंध में आजमगढ़ के विभिन्न थानों के साथ दिल्ली के मुखर्जी नगर थाने में भी मुकदमे दर्ज पाए गए थे। गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। गैंगस्टर एक्ट में वांछित प्रमोद कुमार की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने ₹50,000 का इनाम घोषित किया था। इसी क्रम में 28 अगस्त 2026 को कोतवाली आजमगढ़ और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए परिवर्तन चौक, लखनऊ के पास शाम करीब 5:30 बजे प्रमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी प्रमोद कुमार पुत्र जयकरन उर्फ सहदेव, निवासी पुसड़ा आईमा, थाना मुबारकपुर, आजमगढ़ का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 36 वर्ष है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ चोरी, चोरी का माल खरीदने-बेचने, कूटरचित दस्तावेज और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में 12 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
