

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित ‘क्षितिज सप्ताह’ का सोमवार को भव्य समापन हुआ। सप्ताहभर चले खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पुलिस परिवार के बच्चों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान वाद-विवाद, आशुभाषण, क्विज़, गायन, चित्रकला, ताइक्वांडो, जिम्नास्टिक्स के साथ ही 100 मीटर, 200 मीटर, रिले रेस, डॉजबॉल और बैडमिंटन जैसी इंडोर व आउटडोर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।समापन समारोह में क्षेत्राधिकारी लाइन आस्था जायसवाल और प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा ने सभी विजेता एवं उप-विजेता प्रतिभागियों को पदक और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। ओवरऑल प्रदर्शन के आधार पर मरकरी टीम ने सर्वाधिक पदक जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अर्थ टीम उपविजेता और यूरेनस टीम तीसरे स्थान पर रही।इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस परिवार के बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास करते हैं। समारोह में पुलिस परिवार के बच्चे, अभिभावक और पुलिस लाइन के अन्य सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे तथा विजेताओं का उत्साहवर्धन किया।
