
आजमगढ़। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने ग्राम परमेश्वरपुर में भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके देश निर्माण में योगदान को याद किया।राजभर ने कहा कि सरदार पटेल ने लंदन से बैरिस्टर की पढ़ाई पूरी करने के बाद महात्मा गांधी के नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। किसानों के आंदोलन में नेतृत्व करने के बाद उन्हें लौह पुरुष की उपाधि मिली। आजादी के बाद 562 रियासतों को जोड़कर अखंड भारत का निर्माण कर देश को मजबूत करने का कार्य पटेल ने किया। राजभर ने कहा कि उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि था और आज भी हमारे लिए राष्ट्र सबसे ऊपर है। देशवासियों से अपील है कि राष्ट्रहित में एकजुट रहें।मीडिया द्वारा आजमगढ़ महिला सम्मेलन में लगाए गए आरोपों पर पूछे गए प्रश्न के जवाब में राजभर ने कहा कि जो आरोप लगा रही हैं वही इस पर बता सकती हैं। बिहार चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि एनडीए में सीट न मिलने पर कुछ लोगों ने टिप्पणी की थी। इसके बाद हमने 53 उम्मीदवारों का पर्चा भरवाया और वर्तमान में 32 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। समाजवादी पार्टी एक भी उम्मीदवार खड़ा नहीं कर पाई और सिर्फ प्रचार कर रही है। उन्हें अपने नेताओं की कार्यशैली पर विचार करना चाहिए।सीट बंटवारे पर राजभर ने बताया कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह दिल्ली में वार्ता नहीं कर पाए, यह प्रमुख कारण रहा। राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह विदेश जाकर देश की छवि पर सवाल उठाते हैं और अब लोग उन्हें गंभीरता से लेना बंद कर चुके हैं।राजभर ने कहा कि 32 सीटों में से 14 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला बन गया है। हम गरीब, शोषित और वंचित समाज को शिक्षा, आवास, रोजगार और सरकारी अवसर दिलाने के लिए संघर्षरत हैं। 1952 से अब तक प्रजापति, पाल, राजभर, केवट, मल्लाह जैसे समुदाय सिर्फ वोट देने की मशीन बने रहे। अब इनके हक और सम्मान की लड़ाई लड़ी जा रही है।
