

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के घर के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा करने के साथ डुगडुगी बजवाकर सार्वजनिक रूप से उद्घोषणा कराई।पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 348/2026 में धारा 70(1), 123, 61(2), 352 व 351(3) बीएनएस के तहत आशीष पुत्र अशोक कुमार निवासी सरफुद्दीनपुर, थाना सिधारी और सचिन कुमार पुत्र झीनकराम निवासी हाफिजपुर, थाना कोतवाली वांछित हैं।दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके घरों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन दोनों गिरफ्तार नहीं हुए और न ही न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के 20 अगस्त 2026 के आदेश के अनुपालन में धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई की गई।कार्रवाई के दौरान आरोपियों के घर के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा किया गया और डुगडुगी बजवाकर सार्वजनिक रूप से उद्घोषणा कराई गई। मौके पर मौजूद गवाहों के हस्ताक्षर भी कराए गए।पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ एक युवती को दवा सुंघाकर उसके साथ आपत्तिजनक कृत्य किए जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे हैं। पुलिस ने कहा कि फरार और आपराधिक मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
