आजमगढ़ अंतर्जनपदीय टप्पेबाज, ठग गैंग का खुलासा,चार शातिर अपराधी हुए गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव,आज़मगढ़। जिले के फूलपुर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अन्तरजनपदीय टप्पेबाज/ठग गैंग का भंडाफोड़ कर दिया। इस कार्रवाई में एक महिला समेत चार शातिर अपराधियों को धर दबोचा गया, जो लंबे समय से महिलाओं को झाड़-फूंक और बीमारी ठीक करने के नाम पर ठगने में माहिर थे। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, दो लाख नब्बे हजार रुपये नकद, अवैध तमंचा, कारतूस, तीन कार और चार मोबाइल फोन बरामद किए।थाना फूलपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम लगातार इस गिरोह की गतिविधियों पर नज़र रखे हुए थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के खानजहांपुर पुलिस बूथ के पास बिलारमऊ–चिरैया मोड़ पर घेराबंदी कर तड़के  चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन कारें, चार लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, 2.90 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया है।एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सामूहिक रूप से टप्पेबाजी और ठगी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। जब किसी महिला को झांसे में लेने में दिक्कत होती थी, तो गिरोह की महिला सदस्य रुकसाना मौके पर पहुँचकर बीमारी ठीक करने का नाटक करती और भरोसा जीत लेती थी, जिसके बाद ठगी को अंजाम दिया जाता था। इस गिरोह की एक खास रणनीति यह भी थी कि वारदातों के दौरान चार पहिया वाहनों को बार-बार बदलकर पुलिस को चकमा दिया जाए।आरोपियों ने आजमगढ़, बलिया, मऊ और कई अन्य जिलों में दर्जनों घटनाएँ करने की बात स्वीकार की है। फूलपुर कस्बे की एक वृद्ध महिला से ठगे गए जेवरातों को लखनऊ और कानपुर में लगभग सात लाख बत्तीस हजार रुपये में बेचकर आपस में बांट लेने की बात भी सामने आई है।गिरफ्तार अभियुक्तों में असगर अली पुत्र सुभानी, निवासी कुन्दनगंज, थाना बछरावा, जनपद रायबरेली, मोहम्मद कलीम पुत्र मोहम्मद सलीम,  मोहम्मद सलीम उर्फ बब्लू पुत्र मोहम्मद शरीफ और रुकसाना पत्नी मोहम्मद सलीम उर्फ बब्लू, निवासी पटेल नगर कॉलोनी, थाना बछरावा, जनपद रायबरेली शामिल है।इनका आपराधिक इतिहास भी बेहद गंभीर रहा है। असगर अली पर लूट, चोरी और धोखाधड़ी समेत 11 से अधिक मुकदमे आजमगढ़, हरदोई, लखनऊ और वस्ती जैसे जिलों में दर्ज हैं। मोहम्मद सलीम उर्फ बब्लू पर भी धोखाधड़ी और अन्य संगीन धाराओं में कुल आठ मुकदमे विभिन्न जिलों में चल रहे हैं। मोहम्मद कलीम पर दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रुकसाना फूलपुर ठगी मामले में नामजद है और इसी गिरोह की सक्रिय सदस्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *