

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के जुनेदगंज बाइपास से बिलरियागंज मार्ग पर एक युवक को शनिवार की शाम लगभग 7 बजे अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद युवक मौके पर ही गिर गया और बदमाश फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने उसे एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र के मारा कर्मनाथ पट्टी गांव निवासी रजनीश उर्फ राजू 40 शनिवार की शाम लगभग सात बजे बाइक से गांव से जिला मुख्यालय आ रहा था। जैसे ही वह कंधरापुर थाना क्षेत्र के जुनेदगंज बाइपास के समीप श्याम हॉस्पीटल के पास स्थित पुलिया पर पहुंचा। पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उसे गोली मार दी और फरार हो गए। गोली रजनीश के दाहिने कंधे में लगी। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को बुलाकर उसे जिला अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया लेकिन उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही रजनीश की पत्नी रंजना पांडेय जो जिला महिला अस्पताल में तैनात हैं भी पहुंच गई। उन्होंने कुछ लोगों पर जमीन के विवाद को लेकर धमकी देने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही एसपी डा. अनिल कुमार और सीओ सिटी शुभम तोदी भी मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी करने में जुट गए।
वहीं इस पूरे मामले आजमगढ़ के एसपी डॉ अनिल कुमार ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है मृतक की पत्नी द्वारा सूचना दी गई है मृतक की बुआ का कोई पुराना जमीनी विवाद न्यायालय में चल रहा था जिसे लेकर मृतक की पत्नी का आरोप है कि उन्हीं लोगों के द्वारा उनके पति को गोली मारी गई है।
