राज्यपाल के हाथों रिया पाठक को मिला गोल्ड मेडल, M.V.A. में किया विश्वविद्यालय टॉप

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में आजमगढ़ की छात्रा रिया पाठक ने शानदार उपलब्धि हासिल की। परास्नातक कला (M.V.A.) में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर रिया को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के कर-कमलों द्वारा स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। रिया की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों और विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।गोल्ड मेडल मिलने के बाद रिया पाठक ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसी है। उन्होंने कहा कि कला उनके लिए केवल एक विषय नहीं, बल्कि उनकी अभिव्यक्ति और जीवन का हिस्सा है। इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, लगातार अध्ययन और कला के प्रति समर्पण रहा है।रिया ने अपनी सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों, माता-पिता और परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने उनकी सोच को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि परिवार ने हमेशा उनके कलात्मक सफर में उनका साथ दिया।उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी आभार जताते हुए कहा कि आजमगढ़ में विश्वविद्यालय की स्थापना से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। रिया ने कहा कि इस विश्वविद्यालय के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों को अपने भविष्य को बेहतर बनाने और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।स्वर्ण पदक प्राप्त करने के बाद रिया ने कहा कि यह सम्मान उनके हौसले को और बढ़ाएगा। उन्होंने भविष्य में कला के क्षेत्र में और बेहतर काम करने तथा अपनी कला के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की इच्छा जताई।रिया की इस सफलता को विश्वविद्यालय के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी मेहनत और सफलता ने अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *