गैंगेस्टर एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन एवं संगठित अपराध पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गैंगेस्टर एक्ट के तहत प्रेषित प्रस्तावों एवं गैंगचार्ट के परीक्षण हेतु जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में हुई त्रैमासिक समीक्षा बैठक

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।जनपद में संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा गैंगेस्टर एक्ट के प्रावधानों का सख्ती एवं पारदर्शिता के साथ अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गैंगेस्टर एक्ट के अंतर्गत प्रेषित प्रस्तावों पर निर्णय एवं गैंगचार्ट के परीक्षण हेतु त्रैमासिक समीक्षा बैठक जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।बैठक में गैंगेस्टर एक्ट के अंतर्गत विभिन्न थानों से प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तृत एवं सम्यक विचार-विमर्श किया गया। प्रत्येक प्रस्ताव का विधिक एवं तथ्यात्मक परीक्षण करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए। साथ ही गैंगचार्ट के परीक्षण के दौरान विभिन्न बिंदुओं का गहन अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि संगठित अपराध, अवैध गतिविधियों एवं समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देश दिए कि गैंगेस्टर एक्ट के अंतर्गत प्रेषित किए जाने वाले सभी प्रस्ताव पूर्ण तथ्यों, साक्ष्यों एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप तैयार किए जाएं, ताकि कार्रवाई प्रभावी एवं न्यायालय में टिकाऊ हो।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने निर्देशित किया कि गैंगेस्टर एक्ट के मामलों में पुलिस अधिकारी पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ कार्य करें तथा गैंगचार्ट तैयार करते समय सभी तथ्यों का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठित अपराधियों के विरुद्ध समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा जाए।बैठक में गैंगेस्टर एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित मामलों की समीक्षा, प्रस्तावों के गुणवत्तापूर्ण परीक्षण तथा आवश्यक समन्वय से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गैंगेस्टर एक्ट के अंतर्गत प्रस्ताव प्रेषित करने से पूर्व सभी आवश्यक अभिलेखों एवं विधिक औपचारिकताओं को पूर्ण करना सुनिश्चित करें।बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक अभियोजन सहित जनपद के समस्त पुलिस उपाधीक्षक, थानाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *